
इंदौर। आज मेट्रो रेल का गांधीनगर से रेडिसन चौराहे तक 14 किलोमीटर तक ट्रायल रन सफल रहा । चार दिन पहले ही मेट्रो ने 11 किलोमीटर का ट्रायल रन पूरा किया था। पहली बार मेट्रो आवासीय क्षेत्र में पहुंची है।
आज मेट्रो का 14 किलोमीटर लंबा ट्रायल रन किया गया, जो सफल रहा । हालांकि मेट्रो को आज 10 की स्पीड में ही चलाया गया। ट्रायल रन में मेट्रो को दौड़ते हुए देखने के लिए जनता 10 मिनट तक सड़कों पर खड़ी रही। बताया जा रहा है कि आगामी जनवरी में 17 किलोमीटर का रन पूरा हो जाएगा।
गांधी नगर से पहली बार मेट्रो आवासीय क्षेत्र में पहुंची है। आवासीय क्षेत्र में मेट्रो के चलने से सवारी मिलने लगेगी। साथ ही सुपर कॉरिडोर पर दो बड़ी कंपनी टीसीएस और इन्फोसिस के साथ बड़े कॉलेज नर्सी मुंजी और सिबॉयसिस भी है। इससे मेट्रो में विद्यार्थियों और कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों का आना जाना सुलभ होगा । मेट्रो को यात्री मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
ध्यान रहे कि इंदौर में एमपी मेट्रो रेल 31 किलोमीटर की येलो लाइन रिंग बना रहा है। इसमें एयरपोर्ट से बड़ा गणपति तक अंडर ग्राउंड लाइन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। खजराना से आगे हाईकोर्ट तक का मामला अटका हुआ है, जिसका टेंडर हो चुका है, लेकिन शासन स्तर पर निर्णय नहीं होने से काम शुरू नहीं हो सका है।
आज मेट्रो के प्रबंध संचालक कृष्ण चैतन्य ने 14 किलोमीटर लंबा ट्रेक पर ट्रायल रन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधूरे स्टेशन का काम तेजी से करने और तकनीकी व्यवस्थाओं का इंप्लीमेंट शुरू करने के निर्देश दिए।
