80 ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस की कार्रवाई, मचा हडक़ंप

जबलपुर। शहर के व्यस्ततम बाजारों को ई-रिक्शा चालकों के आतंक और मनमानी से मुक्त कराने के लिए लार्डगंज पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। गंजीपुरा से लेकर बड़ा फुहारा क्षेत्र तक पुलिस ने पिछले तीन दिनों से लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों को तोडऩे वाले 80 ई-रिक्शा चालकों को दबोचकर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद से नियम तोडऩे वाले चालकों में हडक़ंप मचा हुआ है।

दरअसल, शहर की यातायात व्यवस्था को बेपटरी करने में सबसे बड़ा हाथ इन बेलगाम ई-रिक्शा चालकों का रहा है। बीच सडक़ पर अचानक रिक्शा रोक देना, सवारियों को बिठाने की होड़ में बीच चौराहे पर वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर देना और ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखाना इनकी आदत बन चुकी थी। इसके कारण गंजीपुरा और बड़ा फुहारा जैसे संकरे व व्यापारिक क्षेत्रों में हर पांच मिनट में लंबा जाम लग रहा था। आम जनता का पैदल चलना तक दूभर हो चुका था। जनता की इसी परेशानी को देखते हुए लार्डगंज पुलिस ने सडक़ पर उतरने का फैसला किया।

टीआई नवल आर्य ने बताया कि यातायात नियमों को तोडऩे वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ शनिवार से कार्रवाई शुरू हुई जो सोमवार को भी जारी रही। इन तीन दिनों में 80 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। साथ ही चालकों को हिदायत दी गई है कि यदि कोई भी चालक यातायात में बाधा उत्पन्न करता हुआ, या नियमों का उल्लंघन या बिना दस्तावेज के रिक्शा दौड़ाता मिला, तो उसके खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

विद्युत पेंशनर्स एसो. का वार्षिक सम्मेलन आयोजित

Mon Sep 14 , 2026
ग्वालियर। विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन ग्वालियर के वार्षिक सम्मेलन का आयोजन वेष्णो माता का मंदिर नाका चंद्रवदनी पर प्रांतीय अध्यक्ष एस के जायसवाल की अध्यक्षता एवं सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर एल एन उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य एवं विशिष्ट अतिथि अधीक्षण यंत्री ए एस मौर्य, आरसी बंसल, एम सी अग्रवाल एवं राज्य […]

You May Like