
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को महाकाल की नगरी उज्जैन में भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। इस दौरान रामघाट, दत्त अखाड़ा और महाकाल लोक सहित अलग-अलग स्थानों पर 27 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन के जरिए उज्जैन एक बार फिर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा और विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, स्मार्ट सिटी और महाकाल मंदिर प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। 17 सितंबर को उज्जैन में कई बड़े नेताओं और संत-महात्माओं की मौजूदगी रहेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उज्जैन में रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शहर में मौजूद रहेंगे। ऐसे में सुरक्षा से लेकर यातायात, पार्किंग, मंदिर व्यवस्था और दीप प्रज्जवलन तक की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
27 लाख दीप प्रज्जवलित करने की तैयारी नगर निगम ने पूरी कर ली है। दीपक खरीदे जा चुके हैं। तेल, बाती सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग स्थानों पर दीपों के बॉक्स और निर्धारित क्षेत्र तैयार किए जाएंगे। उज्जैन में पहले शिव ज्योति अर्पण जैसे बड़े दीपोत्सव आयोजित हो चुके हैं, इसलिए प्रशासन के पास बड़े आयोजन का अनुभव भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए शहर में बड़े पैमाने पर प्रचार सामग्री और फलैक्स लगाए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की तैयारी है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर उज्जैन में 17 से 19 सितंबर तक धर्म संसद का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसमें महामंडलेश्वर, संत-महंत, धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कई जिलों की तैयारियां जानीं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसमें कई जिलों के कलेक्टर और संभागीय अधिकारी जुड़े। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जिलों में होने वाली गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी ली। उज्जैन में होने वाले आयोजन को प्रदेश के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल किया गया है।
