विजयवाड़ा, 14 सितंबर (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नयी दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना की है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूझबूझ और नेतृत्व की तारीफ़ की है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मुझे खुशी है कि भारत ने नयी दिल्ली में 18वीं ब्रिक्स बैठक की सफलतापूर्वक मेज़बानी की और दुनिया की कुछ प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को ऐसे समय में एक साथ लाया जब दुनिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “नयी दिल्ली घोषणापत्र में मज़बूत बहुपक्षीय संस्थानों, मज़बूत आपूर्ति श्रंखला, नवाचार, टिकाउ विकास और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच बेहतर सहयोग पर ज़ोर दिया गया है, जो बहुत महत्वपूर्ण है। ये ऐसे मुद्दे हैं जो आने वाले दशकों में वैश्विक विकास और समृद्धि की दिशा तय करेंगे।”
श्री नायडू ने कहा कि भारत एक भरोसेमंद मंच के रूप में उभरा है जहाँ अलग-अलग नज़रिए वाले देश एक साथ आ सकते हैं, रचनात्मक रूप से बातचीत कर सकते हैं और आम सहमति बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि विकासशील दुनिया के हितों को आगे बढ़ाते हुए आम सहमति बनाने की यह क्षमता वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और प्रभाव को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस अहम कार्यक्रम में नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। आज, दुनिया भर में भारत की आवाज़ पहले से कहीं ज़्यादा भरोसे और सम्मान के साथ सुनी जा रही है।”
