
ओंकारेश्वर। ओंकारेश्वर पावर स्टेशन में रविवार को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी पखवाड़ा-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम परियोजना प्रमुख डी.के. द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में परियोजना प्रमुख डी.के. द्विवेदी ने सभी कार्मिकों को राजभाषा की शपथ दिलाई और हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा के साथ-साथ देश की एकता, संस्कृति और भावनात्मक जुड़ाव की सशक्त भाषा है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का प्रयोग औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारा दायित्व है।
हिंदी पखवाड़े के दौरान पावर स्टेशन में हिंदी नोटिंग/ड्राफ्टिंग, काव्य पाठ, शब्दावली, तात्कालिक भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्मिकों से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (ओ एंड एम) विनोद कुमार सिंह, महाप्रबंधक (सिविल) संजय कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
