दिशा सालियान मौत केस में 6 साल बाद CBI की FIR

मुंबई। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI ने सोमवार को FIR दर्ज की है। बॉम्बे हाईकोर्ट के 2 सितंबर के आदेश के बाद यह कार्रवाई हुई है। कोर्ट ने दिशा के पिता सतीश सालियान की याचिका पर CBI जांच के निर्देश दिए थे।

दिशा की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। इसके छह दिन बाद, 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई के बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत मिले थे।

मुंबई पुलिस ने पहले दो बार जांच की थी। शुरुआती जांच करीब तीन महीने में बंद कर दी गई थी। पुलिस ने दिशा की मौत को आत्महत्या बताया था और साजिश से इनकार किया था। 2023 में सोशल मीडिया पर सामने आए अलग-अलग दावों के बाद मामले की जांच दोबारा शुरू की गई और SIT गठित की गई।

दिशा के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप और हत्या हुई तथा मामले को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने आदित्य ठाकरे समेत कई लोगों के खिलाफ FIR की मांग की थी।

वहीं, पुलिस का कहना है कि रेप या यौन हमले के सबूत नहीं मिले। फॉरेंसिक जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर आत्महत्या की बात सामने आई थी। अब CBI की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

.....

Next Post

हरतालिका तीज पर सुबह उमड़ी महिलाओं की भीड़, शाम को विराजे विघ्नहर्ता 

Mon Sep 14 , 2026
मुलताई। पवित्र नगरी में सोमवार को हरतालिका तीज एवं गणेश चतुर्थी का पर्व एक ही दिन मनाया गया। इस बार सोमवार को एक ही दिन दिनों त्यौहार आने से सोमवार को महिलाओ ने तीज का उपवास रखा एवं अलसुबह से ताप्ती सरोवर पर पहुंचकर गौरी गणेश रेत से शिवलिंग बनाकर […]

You May Like