इस साल पहली बार 85 हजार के पार बंद हुआ सेंसेक्स, आईटी कंपनियों में जोरदार तेजी

मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) आईटी कंपनियों के नेतृत्व में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स वर्ष 2025 में पहली बार 85 हजार अंक के पार बंद हुआ।
सेंसेक्स 513.45 अंक चढ़कर 85,186.47 अंक के इस साल के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 142.60 अंक की बढ़त में 26,052.65 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले गत 29 अक्टूबर को यह इस साल के उच्चतम स्तर 26,053.90 पर बंद हुआ था।
आईटी सेक्टर की कंपनियों में जबरदस्त तेजी रही। कनाडा के कैलगेरी में कार्यालय खोलने की घोषणा के बाद एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर सेंसेक्स में सवा चार फीसदी से अधिक चढ़े। मंगलवार को शेयर पुनर्खरीद के विवरण साझा करने के बाद इंफोसिस का शेयर भी पौने चार फीसदी की मजबूती के साथ बंद हुआ। टीसीएस का शेयर दो प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का शेयर पौने तीन प्रतिशत से अधिक और मारुति सुजुकी का सवा फीसदी से ज्यादा टूट गया।
मझौली कंपनियों में भी तेजी रही जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली अधिक देखी गयी।
एनएसई में आईटी के बाद सार्वजनिक बैंकों के समूह में सबसे अधिक तेजी रही। स्वास्थ्य, रियलिटी, तेल एवं गैस और मीडिया समूहों के सूचकांक लुढ़क गये।

Next Post

स्पाइसजेट ने 10 करोड़ से ज्यादा इक्विटी शेयर का किया आवंटन, 442 करोड़ रुपये का कर्ज उतारा

Wed Nov 19 , 2025
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) वित्तीय तंगी से जूझ रही निजी विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने विमान लीज पर देने वाली कंपनी कार्लाइल एविएशन को प्राथमिकता के आधार पर इक्विटी शेयर जारी कर 442 करोड़ रुपये का कर्ज उतार दिया है। एयरलाइंस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया […]

You May Like