
इंदौर। प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गणेशोत्सव का शुभारंभ सोमवार से हुआ। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान खजराना गणेश का करीब सात करोड़ रुपए के स्वर्ण आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को सवा लाख मोदक का भोग भी अर्पित किया गया।
गणेशोत्सव के पहले दिन सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कलेक्टर शिवम वर्मा एवं निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने मंदिर पहुंचकर ध्वज पूजन किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे। इस बार करीब 20 लाख भक्तों के खजराना गणेश के दर्शन करने की संभावना है। भक्तों की सुविधा और व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
