सीतापुर में एक क्विंटल गांजा बरामद, सात गिरफ्तार

सीतापुर, 14 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में थाना रामकोट पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने रविवार को ग्राम माधवपुर के पास करीब एक क्विंटल अवैध गांजा बरामद कर सात अंतरजनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से एक कार और एक डीसीएम वाहन भी बरामद किया है।

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव ने बताया कि थाना रामकोट पुलिस और एसओजी की टीम ने अर्थना की ओर से आ रहे कार और डीसीएम को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम माधवपुर के पास दोनों वाहनों को रुकवा लिया। वाहनों की तलाशी के दौरान करीब एक क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से विनोद कुमार पांडे, विजय महतो, मुन्ना कुमार, रामस्वरूप, राम आशीष वर्मा, सचिन लोधी और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गांजा लाकर विभिन्न जनपदों में उसकी बिक्री करते थे। मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

 

 

Next Post

हर हाथ को मिलेगा काम, हर कार्यकर्ता को सम्मान: अशोक चौरसिया

Mon Sep 14 , 2026
वाराणसी, 14 सितम्बर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र अध्यक्ष डॉ. अशोक चौरसिया ने कहा कि संगठन की ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है तथा पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और योग्यता के अनुरूप जिम्मेदारी एवं सम्मान दिया जाएगा। भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय […]

You May Like