जोरदार धमाके से फटा कंप्रेशर टैंक, दुकानदार की मौत 

सतना : जिले के चित्रकूट क्षेत्र अंतर्गत रजौला में हनुमान मंदिर के निकट स्थित पंचर बनाने और हवा भरने की दुकान में कंप्रेशर टैंक के अचानक जोरदार विस्फोट जाने के कारण उसकी चपेट में आए दुकानदार की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. प्रारंभिक जाँच में कंप्रेशर टैंक में हवा का दबाव अधिक होना घटना के कारण के तौर पर सामने आ रहा है.प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्रकूट क्षेत्र अंतर्गत रजौला वार्ड क्रमांक 12 में स्थित हनुमान मंदिर के पास मड़ैया बनाकर दोपहिया वाहन और साइकिल में हवा भरने और पंचर बनाने की दुकान संचालित थी. 42 वर्षीय रामकिशोर प्रजापति पिछले लगभग 20 वर्षों से यह दुकान चलाते आ रहे थे. दुकान को चलाने के लिए वे कुछ किराना व जनरल आइटम भी रखते थे.

बताया गया कि हर रोज की तरह शुक्रवार को भी रामकिशोर अपनी दुकान पर पहुंचे और रोजमर्रा का काम-काज शुरु कर दिया. इसी दौरान हवा भरने के लिए उपयोग में आने वाली कंप्रेशर मशीन को भी उन्होंने चालू कर दिया. दोपहर के समय एक बाइक सवार पंचर बनवाने के लिए वहां पहुंचा. जिसे देखते हुए रामकिशोर ने पंचर टायर में हवा भरते हुए पंचर को जांचने का प्रयास किया. इसी दौरान रामकिशोर को ध्यान आया कि उन्होंने कुछ समय पहले कंप्रेशर मशीन का चालू किया था. जिसे देखते हुए वे कंप्रेशर मशीन को बंद करने के लिए गए. लेकिन जैसे ही उन्होंने मशीन को बंद किया वैसे ही जोरदार धमाका हो गया. धमाका इतना जबरदस्त था कि एक ओर जहां उसकी चपेट में आने के कारण रामकिशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं कंप्रेशर टैंक का आधा हिस्सा उडक़र दुकान की छत पर पहुंच गया. इसके साथ ही धमाके की वजह से दुकान भी क्षत-विक्षत हो गई. लेकिन वहीं दूसरी ओर पंचर बनवाने के लिए दुकान के बाहर खड़ा बाइक सवार बाल-बाल बच गया.
धमाका सुन सहमे लोग
जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोग बुरी तरह सहम गए. लोग भागकर जब दुकान के पास पहुंचे तो वहां का दृश्य देख उनके रोंगटे खड़े हो गए. आनन-फानन में डायल 112 को सूचना देते हुए रामकिशोर को सद्गुरु चिकित्सालय पहुंचाया गया. जहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना की जानकारी सामने आते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस द्वारा बाइक सवार सहित आस पास के अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. प्रथम दृष्ट्या कंप्रेशर टैंक में हवा का दबाव अधिक होने के चलते विस्फोट होना बताया जा रहा है.

Next Post

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 105 जोड़ों का हुआ विवाह

Sat May 2 , 2026
सतना :सतना जिले के व्यंकट-02 मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया, जिसमें 105 जोड़ों ने विधि-विधान के साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम […]

You May Like