मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा समर्थ रामदास के ‘निःस्वार्थ सेवा’ के आदर्श का प्रतीक : शाह

मुंबई, 13 सितंबर (वार्ता) गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्ष की जनसेवा की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य 17वीं सदी के महान संत समर्थ रामदास के ‘निःस्वार्थ सेवा’ के आदर्श को दर्शाता है।

श्री शाह ने यहां भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक चलाये जाने वाले महीने भर के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन ये बातें कही।

श्री शाह ने कहा कि श्री मोदी की राजनीतिक यात्रा को केवल संवैधानिक पदों पर रहने के रिकॉर्ड के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति एक सतत प्रतिबद्धता के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने खुद को राष्ट्र के प्रति समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की और कहा कि उनका दृष्टिकोण बिना किसी व्यक्तिगत आकांक्षा के सेवा भावना से प्रेरित है।

भाजपा ने इस ऐतिहासिक पड़ाव को याद करने के लिए देश भर में कई कार्यक्रमों की योजना बनायी है।

यह सफर सात अक्टूबर 2001 को शुरू हुआ था, जब श्री मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से पहले 12 से अधिक वर्षों तक राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य ध्यान जनसंपर्क और सेवा-उन्मुख गतिविधियों पर रहेगा, जिसके तहत युवाओं, महिलाओं, किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।

इस अभियान में रक्तदान शिविर, स्वच्छता पहल, जागरूकता कार्यक्रम, बाइक रैलियां और अन्य गतिविधियां शामिल होंगी, जिनका उद्देश्य सार्वजनिक सेवा के भाजपा के संदेश को उजागर करना है।

अभियान का एक प्रमुख घटक ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ होगा, जिसके तहत मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास और बदलाव के उदाहरण के रूप में भाजपा के पहचाने गये लगभग 50 स्थलों को प्रदर्शित किया जायेगा।

ऐसे कई स्थानों का दौरा कर इन बदलावों को वृत्तचित्र के रूप में पेश करने की उम्मीद इन्फ्लुएंसरों, ब्लॉगरों और डिजिटल कंटेंट क्रियेटरों से भी है।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी, जिसमें रक्तदान कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इसके अलावा, ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के तहत सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने घरों में दीपक जलाने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा, ताकि मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा का सम्मान किया जा सके।

श्री मोदी की इस उपलब्धि को बताने वाला भाजपा का यह महीने भर का अभियान देश भर में एक बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में काम करेगा। पार्टी ने देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसे कार्यक्रमों की योजना बनायी है, ताकि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जा सके और समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे जुड़ा जा सके।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राज्य में इस अभियान के तहत कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए श्री मोदी की इस यात्रा को तपस्या, अनुशासन, संघर्ष और देश के लिए काम करने के संकल्प से गढ़ी हुई यात्रा बताया।

भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार, सात अक्टूबर का विशेष महत्व होगा, क्योंकि इसी दिन श्री मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में निर्वाचित पद की जिम्मेदारी संभाली थी। यह अभियान 17 अक्टूबर को एक बड़े राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा।

भाजपा ने इस वर्षगांठ को ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के उत्सव के रूप में पेश करने का प्रयास किया है, जिसमें राज्य स्तर के नेतृत्व से लेकर प्रधानमंत्री बनने और उसके बाद 12 से अधिक वर्षों तक देश का नेतृत्व करने तक के उनके सफर को रेखांकित किया गया है।

 

 

Next Post

बहुध्रुवीय दुनिया के लिए वैश्विक संस्थाओं में जरूरी हैं सुधारः गुटेरेस

Sun Sep 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में दुनिया के तेजी से बहुध्रुवीय व्यवस्था की ओर बढ़ने का हवाला देते हुए वैश्विक संस्थाओं में बदलाव आवश्यक बताया। श्री गुटेरेस ने रविवार को कहा कि वैश्विक व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो रहा है […]

You May Like