ग्वालियर। सिटी सेंटर स्थित रूपसिंह इंटरनेशनल स्टेडियम के पास अवैध रूप से लगी गुमटियों पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। यहां चाय, कॉफी, मोमोज और डोसे के ठेले लगने के साथ असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें भी सामने आ रही थीं।
दरअसल, इसी स्टेडियम में 24 फरवरी 2010 को सचिन तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक लगाया था। स्टेडियम के पास हॉकी के महान खिलाड़ी कैप्टन रूप सिंह की प्रतिमा भी स्थापित है।
क्षेत्र की बदहाली का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। सीएसपी रवि भदौरिया ने कहा कि विश्वविद्यालय थाना पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
