
सीधी ।जिले के भुइमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पानी के टैंकर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार ग्राम खम्हरिया निवासी सुन्दरलाल सिंह ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि उनके छोटे भाई रामचरण सिंह 40 वर्ष शुक्रवार रात लगभग 10 बजे उनके घर आए थे। उस दौरान उनके जीजा भी घर पर मौजूद थे। रामचरण ने उन्हें अपने घर चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद रामचरण अपने घर लौट गए। शनिवार सुबह करीब 5 बजे पड़ोस की एक छोटी बच्ची ने सुन्दरलाल को बताया कि नाना पानी के टैंकर में खड़े हैं। सूचना मिलते ही जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि रामचरण सिंह पानी के टैंकर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके हुए थे और उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि मृतक शराब और नशे का आदी था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
