
इंदौर. आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने शनिवार रात शहरभर में अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया. चारों जोन की पुलिस ने रात से सुबह तक गुंडे-बदमाशों, वारंटियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की. अभियान के दौरान 397 लोगों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में उचित कार्रवाई की गई. लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के साथ 195 से ज्यादा वारंट भी तामील कराए गए.
इनमें 46 स्थायी, 45 गिरफ्तारी और 104 जमानती वारंट शामिल हैं. पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 101 चालकों को भी पकड़ा. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 9 और मादक पदार्थ का सेवन करने वालों के खिलाफ 2 प्रकरण दर्ज किए. मल्हारगंज पुलिस ने अवैध शराब के चार मामलों में 80 क्वार्टर जब्त किए. द्वारिकापुरी पुलिस ने तलवार लेकर घूम रहे एक आरोपी को पकड़ा. खजराना पुलिस ने जिलाबदर अवधि का उल्लंघन कर क्षेत्र में घूम रहे तंजीम नगर निवासी फैजान उर्फ कालू को गिरफ्तार किया. वहीं आदतन अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज करने के साथ नोटिस और समंस तामील किए गए. सक्रिय बदमाशों को थाने बुलाकर डोजियर भरवाए गए और दोबारा अपराध नहीं करने की हिदायत दी गई. मामले में एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. चेकिंग और पेट्रोलिंग को जरूरत के हिसाब से बढ़ाया जाएगा. संदिग्ध गतिविधि या कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बॉक्स…
ड्रोन से हॉटस्पॉट पर नजर…
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी की. संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण और बाइक पेट्रोलिंग भी की गई. होटल-लॉज, रैन बसेरे, ढाबे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई. ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर भी कार्रवाई हुई. गणेशोत्सव को देखते हुए पुलिस ने पंडाल आयोजकों से चर्चा कर सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े निर्देश दिए. पुलिस टीमों ने लोगों से संवाद कर साइबर अपराध, महिला अपराध, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक भी किया.
