
सतना। महाराजा पब्लिक स्कूल बेला में आयोजित सीबीएससी वेस्ट जोन बॉक्सिंग टूर्नामेंट पुरुष वर्ग में सांसद गणेश सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे बॉक्सिंग खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह ने कहा कि बॉक्सिंग की लोकप्रियता में कभी कमी नहीं आई। इस खेल का इतिहास बहुत पुराना है। तीसरी शताब्दी के शिलालेखों में भी बॉक्सिंग से संबंधित चित्र मिलते हैं। भारत में वर्ष 1904 में इस खेल की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को बॉक्सिंग का शौक होता है, उनके भीतर अलग तरह के गुण होते हैं। यह खेल अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करता है।
सांसद ने कहा कि मैंने अपने लोकसभा क्षेत्र में वर्ष 2011 से सांसद खेल ट्रॉफी के आयोजन की शुरुआत की थी। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने सभी सांसदों से अपने-अपने क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी मांगी थी। उस समय उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाली सांसद खेल ट्रॉफी के बारे में बताया। प्रधानमंत्री ने उनसे आयोजन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली। गणेश सिंह ने कहा कि इसके बाद देखते ही देखते सांसद खेल ट्रॉफी की तर्ज पर पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन होने लगा। इस बार तो सहभागिता के सारे रिकॉर्ड टूट गए और देशभर में एक करोड़ से अधिक खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से देश में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार हुआ है और खेल अधोसंरचना का तेजी से विकास हुआ है।
सतना में भी खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि शहर में अंतरराष्ट्रीय मानकों का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार हो रहा है। इसके अलावा दादा सुखेन्द्र प्रताप सिंह स्टेडियम और धवारी स्टेडियम में भी खेल सुविधाएं विकसित कर तैयार की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सतना में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि इसी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम भी बने, जिससे सतना और आसपास के क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।ये रहे मौजूदकार्यक्रम के दौरान चेयरमैन देवेन्द्र सिंह, डॉयरेक्टर अनंत सिंह, संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरिया, थोमसजी, सत्यनारायण चतुर्वेदी, सुरेन्द्र सिंह, रामभूषण मिश्रा, रणविजय सिंह बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
