नारायणपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अबूझमाड़िया समाज जिला नारायणपुर ने राहत सामग्री वितरित की।
समाज के सदस्यों ने शनिवार को विकासखंड ओरछा के ब्रेहबेड़ा पहुंचकर कदेर, ब्रेहबेड़ा, इमलीपदर (ताहकाडोंड) और ढोण्डरी गांव के बाढ़ प्रभावित परिवारों को चावल, राशन किट, बाल्टी, तिरपाल और कंबल सहित दैनिक जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराई।
लगातार बारिश और बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती बनी हुई है। ऐसे में दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्र में पहुंचकर की गई इस पहल से परिवारों को आवश्यक सामग्री मिलने के साथ तत्काल राहत मिली।
समाज के लोगों ने कहा कि आपदा की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना सबसे बड़ी मानवता है और प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने का प्रयास इसी भावना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहना और उन्हें यह संदेश देना है कि संकट की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। राहत सामग्री वितरण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के साथ समाज के सदस्य मौजूद रहे।
