प्रभारी मंत्री ने किया सिहावल में सांदीपनि विद्यालय और छात्रावास का लोकार्पण

सीधी । मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने सिहावल में 43 करोड़ 60 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति वाले दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 3925.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिहावल और 434.67 लाख रुपये की लागत से निर्मित आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास पतुलखी शामिल हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने की। विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह और कलेक्टर विकास मिश्रा उपस्थित रहे।

लोकार्पण के बाद प्रभारी मंत्री ने विद्यालय के पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षों, शैक्षणिक सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से जानकारी ली।

इस दौरान नीट और जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करते हुए प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए जिद, जुनून और पूरी ऊर्जा के साथ मेहनत करें। सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जितना बड़ा लक्ष्य निर्धारित करेंगे, उतनी ही बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करेंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रथम प्रयास में नियमित परीक्षार्थी के रूप में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल करने वाले बालक और बालिका को निःशुल्क स्कूटी प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए बेहतर परिणाम हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने कहा कि नवीन विद्यालय परिसर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। सिहावल क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कमी नहीं है। उचित सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलने से यहां के विद्यार्थी नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नवीन परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का विद्यार्थियों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। नवीन परिसर मिलने पर विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

Next Post

रेलवे ने बनाया नया कीर्तिमान, आईआरसीटीसी के माध्यम से एक दिन में बुक किये गये 20,06,353 टिकट

Fri Sep 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) रेलवे ने ई टिकट बुकिंग के मामले में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रिकॉर्ड सात सितंबर को दर्ज किया गया। इस दिन भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के माध्यम से त्योहारों के मौसम में अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) के तहत 20,06,353 […]

You May Like