सतना। नगर पालिक निगम सतना द्वारा शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में वार्ड क्रमांक 40 और 41 में ₹84.67 लाख की लागत से नाली निर्माण एवं नाली कवर कार्य कराया जाएगा। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में इस विकास कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया, जिसमें नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने अध्यक्षता की।
इस कार्य से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था व्यवस्थित होगी और खासकर बारिश के दौरान पानी के ठहराव व जलभराव की समस्या कम होगी। नालियों के कवर होने से स्वच्छता बेहतर होगी और नागरिकों का आवागमन भी सुरक्षित होगा। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, निर्माण विभाग अध्यक्ष गोपी गोलानी, एमआईसी सदस्य पी.के. जैन, पार्षद असरफ अली सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
