
नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी और सीज ड्रग्स से जुड़े एक बड़े मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की कॉलोनी में दबिश दी। गुरुवार देर शाम CBI की टीम ने CBN के सीनियर अधिकारी सिद्धार्थ के सरकारी आवास को घेर लिया।
ड्रग मेडिसिन जब्ती से जुड़े एक संवेदनशील मामले को मैनेज करने के एवज में 50 लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन सामने आया है। यह रकम सीधे अधिकारी के पास न जाकर उनके किसी करीबी रिश्तेदार के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई थी। वित्तीय लेनदेन के पुख्ता सबूत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।गुरुवार देर शाम से शुरू हुई छापेमारी देर रात तक चली। टीम ने ड्रग्स जब्ती के रिकॉर्ड, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की, तथा घर के दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की।
इस अचानक कार्रवाई से नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। महकमे में सन्नाटा पसरा हुआ है और जांच का दायरा बढ़ने तथा आने वाले समय में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
