
ग्वालियर। गिजौर्रा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गिजौर्रा में तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर तड़के 3:33 बजे एक अज्ञात नकाबपोश बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाश ने पेट्रोल-डीजल वितरण मशीनों और ऑफिस के शटर को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। घटना के वक्त पेट्रोल पंप बंद था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।फायरिंग से गोलियां मशीनों के आर-पार निकल गईं, जिससे उनकी अंदरूनी वायरिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे कैमरों में कैद हो गई है, पुलिस अज्ञात नकाबपोश हमलावर के खिलाफ पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत और सीसीटीवी पुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।
