
ग्वालियर। होटल पर विवाद के बाद गोलियां चलाकर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। फरियादी मुन्ना खान निवासी ग्राम सहारन कॉलोनी, थाना भितरवार द्वारा थाना भितरवार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि करीब 10 बजे वह अपने परिवारजनों के साथ होटल के सामने तिराहे पर खड़ा था। इसी दौरान संजय रावत, लोकेन्द्र रावत निवासी लोढ़ी तथा राऊडी रावत एवं भोला रावत निवासी नजरपुर वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर आरोपी भोला रावत ने फरियादी के साथ मारपीट करते हुए मुक्का मारा, जिससे उसकी छाती में मूंदी चोट आई। वहीं आरोपी राऊडी रावत ने अयान के साथ डंडे से मारपीट की, जिससे उसके दोनों पैरों में मूंदी चोटें आईं।
इसी दौरान आरोपी संजय रावत द्वारा कट्टे से हवाई फायर किया गया, जिससे फरियादी एवं उसके परिजनों में भय व्याप्त हो गया। आरोपियों द्वारा रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भितरवार में धारा 125, 115(2), 296(बी), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। उक्त सूचना पर पुलिस टीम बासोडी तिराहे पर पहुंची तो पुलिस को आता देख एक संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, संदेह होने पर पुलिस द्वारा घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। नाम व पता पूछने पर उसने अपना नाम संजय रावत पुत्र अमृत लाल रावत निवासी ग्राम लोड़ी थाना बेलगढ़ा जिला ग्वालियर का होना बताया। पूछताछ में उसके द्वारा उक्त घटना करना तथा देशी कट्टा से फायर करना बताया, थाना भितरवार पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर उससे घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद कर लिया गया है।
