
रीवा, कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों की समीक्षा की. बैठक में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा श्रम विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई. अपर कलेक्टर ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें. पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ देने में किसी तरह की कोताही न बरतें. जिला संयोजक जनजातीय कार्य सभी छात्रावासों का हर माह नोडल अधिकारियों से निरीक्षण कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें. छात्रावासों में विद्यार्थियों के भोजन, प्रकाश, पठन-पाठन, पानी, सुरक्षा आदि की व्यवस्था के संबंध में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करें. लापरवाह अधीक्षकों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें. टंट्या मामा स्वरोजगार योजना तथा अन्य योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति कराएं. अपर कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अन्य पेंशन का समय पर भुगतान करें. पात्र दिव्यांगों, परित्यक्ता एवं कल्याणी महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दें. सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें. दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र से 566 हितग्राहियों को 1053 कृत्रिम अंग वितरित किए गए हैं. लगातार शिविर लगाकर दिव्यांगों की मेडिकल जाँच कराएं तथा पात्र को उचित सहायता दें. अपर कलेक्टर ने जिला श्रम पदाधिकारी को पात्र मजदूरों के पंजीयन, अनुग्रह सहायता राशि के अपील प्रकरणों के निराकरण तथा श्रम मानधन योजना के प्रचार-प्रसार के संबंध में निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, प्रभारी जिला संयोजक रूचि तिवारी, सहायक श्रम पदाधिकारी गरिमा सूर्यवंशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
