इंदौर: राजेंद्र नगर और महिला थाना क्षेत्र में अलग-अलग महिलाओं ने पति व ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायतें दर्ज कराई हैं. पुलिस ने सभी मामलों में दहेज प्रताड़ना व संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महादेव नगर निवासी 23 वर्षीय स्विटी सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पति आनंद सोलंकी, सास संगीताबाई और निकिता सोलंकी लंबे समय से कम दहेज लाने का ताना देकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं.
गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इधर, महिला थाना में भी चार अलग-अलग महिलाओं ने दहेज प्रताड़ना की गंभीर शिकायतें की हैं. पहला मामला, कलाली मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय प्रीति उर्फ आशी शर्मा ने पुलिस को बताया कि मेरे पति दीपक शर्मा आए दिन उससे गाली-गलौज करता है और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता है. पुलिस ने उसके खिलाफ में प्रकरण दर्ज किया है.
दूसरा मामला पीटीसी, मुसाखेड़ी निवासी 27 वर्षीय गायत्री यादव ने पति अंकित यादव, सास निता यादव और ससुर नरेन्द्र यादव पर दहेज मांगने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने बीएनएस और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा में मामला दर्ज किया है. तीसरा मामला, अर्जुन नगर, सदर बाजार की 37 वर्षीय लिना लोट ने पति सोरूप पाहावा, ननद पिंकी और ससुर हरिश पाहावा पर दहेज की मांग और उत्पीड़न के साथ-साथ जातिगत टिप्पणियों का भी आरोप लगाया है. मामले में तहत केस दर्ज हुआ है. चौथा मामला, शिव दर्शन नगर, मुसाखेड़ी निवासी 24 वर्षीय संगीता सगोरे ने पति सतीश सगोरे सहित ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई. सभी मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है.
