
सिंगरौली, अपनी मांग मनवाने के लिए लोग अब ऐसे रास्ते भी अपनाने लगे हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं। सरई थाना क्षेत्र के गजरा बहरा स्थित बैरासिटी कंपनी परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 20 वर्षीय आशीष साहू टावर पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि उसे मजदूरी के काम से कंपनी के ठेकेदार व अधिकारियों ने बाहर कर दिया था। वह पिछले करीब आठ माह से दोबारा काम पाने के लिए कंपनी के दफ्तरों के चक्कर लगा रहा था।
युवक ने टावर से नीचे उतरने के लिए नौकरी देने की मांग रखी और मांग पूरी नहीं होने पर जान देने की धमकी दी। इससे कंपनी परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। बताया गया कि युवक ने अपनी स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और युवक को समझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान एसडीएम के नाम अंकित वाहन के कंपनी परिसर में आने और वहां डीजल भरवाकर रवाना होने की बात भी सामने आई, जिसे लेकर युवक ने वीडियो में आरोप लगाए हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। जिले में चार माह के दौरान टावर पर चढ़ने की यह 16वीं घटना बताई जा रही है।
