
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही सघन चेकिंग के दौरान पत्थर गोदाम मेन रोड स्थित पावर हाउस के पास से एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया. तलाशी में उसके कब्जे से 22.47 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2.20 लाख रुपए बताई गई है.
आरोपी की पहचान युसुफ निवासी पंढरीनाथ क्षेत्र के रूप में हुई है. वह चौथी कक्षा तक पढ़ा है और ऑटो चलाता है. तलाशी में एमडी ड्रग्स मिलने पर उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा में केस दर्ज किया. जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से एरोड्रम, सेंट्रल कोतवाली और तेजाजीनगर थानों में जुआ एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है. अब पुलिस उससे एमडी की खरीदी, सप्लायर और संभावित खरीदारों के संबंध में पूछताछ कर रही है. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि नशे के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की टीम को यह सफलता मिली है. आरोपी के संपर्क में आने वाले लोगों और ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.
66 मामलों में 141 आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 66 प्रकरणों में 141 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. कार्रवाई में 2.997 किलोग्राम एमडी, 28.338 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 327.42 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 3.76 करोड़ रुपए कीमत के मादक पदार्थ व वाहन जब्त किए हैं.
