सीहोर। नपा द्वारा शहर के वार्ड 15 स्थित वंशकार मोहल्ले में 17 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा किया गया.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है. हमारा उद्देश्य केवल सड़क, नाली और मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के नागरिकों को सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी हमारी प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि वंशकार मोहल्ले में 17 लाख की लागत से तैयार यह सामुदायिक भवन क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा. अब वार्ड के लोगों को छोटे-बड़े सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध रहेगा.
उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि शहर का कोई भी वार्ड विकास से अछूता न रहे. जनता ने जिस विश्वास के साथ हमें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना हमारा दायित्व है. आने वाले समय में भी सीहोर शहर में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी. शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य हों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसी सोच के साथ नपा निरंतर कार्य कर रही है.
सामुदायिक भवन के लोकार्पण के अवसर पर वार्ड क्रमांक 15 के रहवासियों में उत्साह देखने को मिला. क्षेत्रवासियों ने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से मोहल्ले में होने वाले विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा. उन्होंने नपाध्यक्ष एवं नपा का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, अर्जुन राठौर, आशीष गहलोत, कमलेश राठौर, लोकेंद्र वर्मा, नरेंद्र राजपूत, अजय पाल सिंह राजपूत, संतोष शाह सहित अनेक नागरिक व वार्डवासी मौजूद थे.
