
मोरवा, मोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार देर शाम सड़क पार करते समय एक युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 34 वर्षीय मनीष पिता आदित्यनाथ, निवासी हिनौती, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसा बुधवार शाम करीब 8:30 बजे रेलवे स्टेशन के समीप हुआ।
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक किसी ट्रेन से यात्रा करने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा होगा। ट्रेन के समय में देरी अथवा अन्य कारणों से वह आसपास की दुकानों की ओर गया होगा और सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हालांकि, यह फिलहाल पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है।
युवक मोरवा कैसे पहुंचा था, उसे कहां जाना था और दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मोरवा पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ ही घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
