ग्वालियर में शुरू होगा “गीता भवन” का संचालन, स्थान तय

ग्वालियर। ग्वालियर में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप “गीता भवन” की स्थापना होने जा रही है। राज्य शासन द्वारा इसके लिये भवन की व्यवस्था कर दी गई है। सिटी सेंटर क्षेत्र में शिवाजी पार्क के समीप स्थित बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक कला संकुल भवन में “गीता भवन” संचालित होगा। लंबे समय से यह संकुल भवन अनुपयोगी था। नगर निगम द्वारा इस भवन को गीता भवन के लिये उपलब्ध कराने का आग्रह जिला प्रशासन से किया गया था। इस कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा यह भवन “गीता भवन” के लिये उपलब्ध कराने का प्रस्ताव राज्य शासन के संस्कृति विभाग को भेजा गया था। इस तारतम्य में मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद ने बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक कला संकुल में “गीता भवन” स्थापित करने के लिये भवन जिला प्रशासन को सौंपने का निर्णय लिया है। संस्कृति परिषद के संयुक्त संचालक एम.पी. नामदेव ने पत्र के माध्यम से कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका चौहान को इस निर्णय की जानकारी दी है। ज्ञात हो भारत सरकार की बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक कला संकुल योजना के तहत केन्द्र एवं राज्य शासन के अंशदान से इस कला संकुल का निर्माण किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि अब यह संकुल भवन नगर निगम को सौंपा जायेगा। जिससे वहाँ पर राज्य शासन द्वारा “गीता भवन” के लिये निर्धारित की गईं गतिविधियां शुरू हो सकेंगीं। उन्होंने बताया कि “गीता भवन” के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान एवं जीवन मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यहां गीता के अध्ययन, पाठ, प्रवचन, व्याख्यान, संवाद एवं अन्य ज्ञानवर्धक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हो सकेगा। साथ ही युवाओं एवं आमजन को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जीवन के आदर्शों से जोड़ने के लिये विभिन्न गतिविधियां संचालित की जायेंगीं।

गीता भवन की स्थापना से ग्वालियर में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिये एक महत्वपूर्ण केन्द्र विकसित होगा। यहां आयोजित होने वाली गतिविधियों से समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवा पीढ़ी को श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश और उसके जीवनोपयोगी मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

Next Post

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग: रीवा में भी मेडिकल छात्रों का विरोध शुरू, भोपाल में लाठीचार्ज का विरोध

Tue Sep 8 , 2026
रीवा, भोपाल में इंटर्न डॉक्टरों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के विरोध की आग पूरे प्रदेश में फैल गई है। राजधानी के बाद अब रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने भी आंदोलन में मोर्चा खोल दिया है।स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन प्रदेशव्यापी हड़ताल […]

You May Like