सतना: मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र के हिनौती में स्थित नहर में सोमवार दोपहर मगरमच्छों का एक जोड़ा दिखाई दिया। मगरमच्छों को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने नहर के पानी में मगरमच्छों को तैरते हुए देखा। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बना लिया। दोनों मगरमच्छ काफी देर तक पानी में दिखाई देते रहे।अचानक नहर में मगरमच्छों का जोड़ा दिखने से आसपास के लोगों में हलचल मच गई।
घटना की जानकारी फैलने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि नहर के आसपास अक्सर लोग और मवेशी आते-जाते हैं। संभावित हादसे की आशंका के मद्देनजर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके पर निगरानी बढ़ाने और मगरमच्छों की मौजूदगी को देखते हुए जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।फिलहाल, मगरमच्छों के नहर में दिखने के बाद ग्रामीणों से सावधानी बरतने और नहर के आसपास जाने से बचने की अपील की जा रही है।
