नगर निगम की पशु कत्लखानों पर अब तक की सबसे बड़ी दबिश

एक क्विंटल मांस के साथ 55 पाड़े बरामद, मौके से मिले तराजू, कांटे और कटर मशीन

 

उज्जैन। महाकाल मंदिर के आसपास संचालित हो रहे पशु कत्लखानों पर शनिवार तडक़े नगर निगम और पुलिस टीम की अब तक की सबसे बड़ी दबिश होना सामने आई है। 11 स्थानों पर एक साथ सर्चिंग की गई और 7 स्थानों से एक क्विंटल से अधिक मांस और 55 जीवित पाड़ो को बरामद किया गया। बड़ी सं या में फ्रीजर, तराजू, कांटे और कटर मशीन जब्त की गई है।

मध्यप्रदेश मुखिया के रूप में डॉ. मोहन यादव ने कमान संभालते ही बाबा महाकाल की नगरी में खुले में मांस-मटन की दुकानों पर एक्शन लेते हुए नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिये थे। उस वक्त खुले में मांस-मटन की बिक्री पर अंकुश लग गया था, लेकिन चोरी छुपे बड़े पैमाने पर महाकाल मंदिर के आसपास पशु कत्लखाने संचालित होने लगे थे। जिसको लेकर नगर निगम कुछ दिनों से बड़ी दबिश की तैयारी में लगा हुआ था। शनिवार तडक़े निगम उपायुक्त संजेश गुप्ता ने 40 से अधिक सदस्यों की टीम और पुलिस बल के साथ महाकाल मंदिर मार्ग पर बेगमबाग, तोपखाना, खंदार मोहल्ला, बेगमबाग क्षेत्र में एक साथ दबिश मारी। 11 स्थानों पर सर्चिंग करने के साथ सात जगहो पर संचालित हो रहे पशु कत्लखानों से 55 जीवित पाड़ो, एक क्विंटल से अधिक कटा हुआ मांस और तराजू, कांटे, कटर मशीन के साथ डीप फ्रीजर बरामद करने हुए निगम के वाहनों में भरवा लिये। सुबह-सुबह हुई निगम की कार्रवाई से क्षेत्र में हडकंप मच गया था। करीब 3 से 4 घंटे चली कार्रवाई के बाद निगम और पुलिस का अमला क्षेत्र से निकल गया।

 

कत्लखानों पर था ताला, क्षेत्र में था सन्नाटा

नगर निगम और पुलिस की टीम जब क्षेत्रों में पहुंची तो कत्लखानों पर ताला लगा हुआ था। क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ था। निगम टीम ने कत्लखानों पर लगे ताले तोड़े और अंदर प्रवेश किया। जहां का नजारा देख सब चौक गये। कार्रवाई के बाद सामने आया कि कोट मोहल्ला, लोहे का पुल, कंदार मोहल्ला, बेगमबाग, अमरपुरा में शकील पहलवान, रहीम पहलवान, सैय्यद जरार, हाजी मुस्तिकिन, नासिर, मेहरुद्दीन, अमजद खान द्वारा कत्लखाने संचालित किये जा रहे थे।

 

अवैध कारोबारियों पर दर्ज होगा प्रकरण

सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया कि कत्लखानों पर नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई रही है। नगर निगम द्वारा कत्लखानों के संबंध में जानकारी एकत्रित की जा रही है। अवैध तरीके से चले रहे कत्लखानों को आगामी दिनों में तोडऩे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मामले में दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता के साथ अन्य धारों में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल इस बात का पता लगाया जा रहा है कि यहां से पाड़ो का मांस कहा विक्रय किया जा रहा था।

Next Post

होलिका दहन रविवार को, सोमवार को रंगों से खिलेगी होली

Sat Mar 23 , 2024
ग्वालियर। भद्रा होने के कारण होलिका दहन आज रविवार को होगा। दूसरे दिन सोमवार को रंगों से होली खिलेगी। हिन्दू पंचांग में उदया तिथि का विशेष महत्व होता है। इसलिए व्रत पूर्णिमा सोमवार को मनाई जायेगी और होली भी सोमवार को खिलेगी। भाईदूज 27 मार्च बुधवार को शुभ मुहूर्त में […]

You May Like