
सिंगरौली । पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू और डंडे से हमला करने के मामले में विंध्यनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज सिंह सहित दो विधि-विरुद्ध बालकों को घटना के 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम तेलगवां के बरसाती मोहल्ला निवासी जावेद खान पर हमला किया था। जिसकी हालत काफी नाजुक है। उपचार जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में चल रहा है। बताया जाता है कि आरोपियों ने युवक पर कई वार चाकू से प्रहार किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी सलमान खान पिता शौकत अली खान उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम तेलगवां ने पुलिस को बताया कि 6 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे उसका छोटा भाई जावेद खान कोटा के पास से फुल्की खाकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर शंकर केवट, सूरज सिंह और उसके एक-दो साथियों ने रास्ते में विवाद करते हुए जावेद से हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान राजू परिवर्तित नाम द्वारा जावेद के पेट में चाकू से वार किया गया। मामले में थाना विंध्यनगर में अपराध दर्ज कर हत्या के प्रयास की धाराओं में विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने एक आरोपी सूरज सिंह पिता शंकर सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी तेलगवां तथा दो विधि-विरुद्ध बालकों को दस्तयाब कर पूछतांछ की।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार पूछतांछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया, जबकि चाकू को केनाल में फेंकना बताया गया। पुलिस ने सूरज सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। वहीं दोनों विधि-विरुद्ध बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह रीवा भेजे जाने के आदेश हुए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सियाज केएम, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा तथा सीएसपी विन्ध्यनगर हेमन्त कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उनि उदयचंद करिहार, सउनि रमेश प्रजापति, प्रआर पंकज सिंह, विजय खरे तथा आर भोला लोधी और रूपेश कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
