भोपाल: सीलिंग कार्रवाई पर चल रही कानूनी लड़ाई का आज बड़ा दिन है… मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ में सीलिंग से जुड़े 50 से ज्यादा मामलों पर एक साथ सुनवाई होगी। व्यापारियों की याचिकाओं से लेकर पुराने स्टे ऑर्डर तक… आज हाईकोर्ट में कई अहम मुद्दों पर फैसला हो सकता है।सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सीलिंग से जुड़े मामलों की जल्द सुनवाई की जा रही है।
पहले इन मामलों की सुनवाई 2 सितंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन अब 50 से अधिक मामलों को एक साथ क्लब कर आज सुनवाई की जा रही है।दरअसल, 5 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने सीलिंग मामले में सरकार की बनाई कमेटी को भंग कर दिया था। साथ ही हाईकोर्ट द्वारा दिए गए स्टे ऑर्डर पर जल्द सुनवाई कर मामलों के निराकरण के निर्देश दिए थे।
आज उन याचिकाओं पर भी सुनवाई होगी, जिनमें व्यापारियों ने सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगाने और दुकानों पर ताला लगाने की कार्रवाई नहीं करने की मांग की है।
वहीं, भोपाल नगर निगम भी हाईकोर्ट के सामने अपना पक्ष रखेगा।
अब सबकी नजर हाईकोर्ट की आज की सुनवाई पर है… क्योंकि इस फैसले का असर सिर्फ भोपाल ही नहीं, बल्कि सीलिंग कार्रवाई से जुड़े कई व्यापारियों और मामलों पर पड़ सकता है। सवाल यही है—क्या सीलिंग पर लगी रोक हटेगी या व्यापारियों को राहत मिलेगी?
