दतिया: इंदरगढ़ नगर में लगातार बन रहे जाम और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस और नगर परिषद ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर दुकानें सजाने वाले दुकानदारों और हाथ ठेले वालों पर कार्रवाई की गई। टीम ने हाथ ठेले, गुमठी, टेबल-तखत समेत सड़क पर रखा सामान जब्त कर नगर परिषद कार्यालय भिजवाया। कुछ ठेले वालों को अस्पताल के पास शिफ्ट किया गया।
यातायात प्रभारी अजय सिंह के नेतृत्व में नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस बल ने मेन बाजार से अभियान शुरू किया। इसके बाद भांडेर रोड, दतिया रोड और सेवढ़ा रोड पर भी सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए। दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रखकर कारोबार करने वालों को भी सामान हटाने की हिदायत दी गई। एसपी मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर पिछले 4-5 दिनों से यातायात व्यवस्था को लेकर कार्रवाई की जा रही है। दुकानदारों, सब्जी-फल विक्रेताओं और हाथ ठेले वालों को पहले ही अपने ठेले अस्पताल के पास लगाने के निर्देश दिए गए थे। वहीं फोर व्हीलर वाहन नवीन बस स्टैंड पर खड़े करने के लिए कहा गया था।
