भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक कुनाल चौधरी ने सागर जिले के बंडा में कथित तौर पर जहरीली और नकली शराब के सेवन से हुई मौतों को गंभीर प्रशासनिक विफलता बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
कुनाल चौधरी ने दावा किया कि जहां आधिकारिक आंकड़ों में मृतकों की संख्या 11 बताई जा रही है, वहीं मीडिया रिपोर्टों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार 18 से अधिक लोगों की मौत होने की आशंका है तथा 24 से अधिक लोग उपचाराधीन हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशासन को अवैध शराब की आपूर्ति की पहले से जानकारी थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर में पकड़े गए आरोपियों द्वारा बंडा में जहरीली शराब की आपूर्ति किए जाने संबंधी जानकारी ने पुलिस और आबकारी विभाग की गंभीर विफलताओं को उजागर किया है।
कुनाल चौधरी ने इस घटना को मध्य प्रदेश में हुई छिंदवाड़ा कफ सिरप मौतों, इंदौर में दूषित पानी के मामलों, हरदा पटाखा विस्फोट सहित अन्य बड़ी घटनाओं से जोड़ते हुए जवाबदेही के अभाव का आरोप लगाया।
उन्होंने आबकारी एवं स्वास्थ्य मंत्रियों के तत्काल इस्तीफे, आबकारी आयुक्त को निलंबित करने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा देना आवश्यक है, लेकिन यह जवाबदेही का विकल्प नहीं हो सकता। चौधरी ने सरकार से कथित अवैध शराब, मादक पदार्थ, रेत और भूमि माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने की भी मांग की।
