भोपाल। मध्य प्रदेश में सितंबर में भी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।कहीं हल्की बारिश हो रही है, तो कहीं बारिश ने बाढ़ जैसे हालात बना दिए हैं।सतना में बाढ़ से कई गांव प्रभावित हुए हैं, जहां जिला प्रशासन राहत और भोजन की व्यवस्था में जुटा है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग ने आज, 6 सितंबर को पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सतना, पन्ना, छतरपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दतिया, भिंड, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना और राजगढ़ में भारी बारिश का अनुमान है।
वहीं बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी से यात्रा करने की अपील की है। वज्रपात के दौरान पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें और संभव हो तो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।
