गुना: जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत चांचौड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की सतर्कता और सटीक नाकाबंदी से युवाओं तक स्मैक पहुँचाने की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को धर दबोचा और उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की स्मैक व बाइक जब्त की।
घटनाक्रम के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक युवक बिना सही नंबर प्लेट वाली बाइक से मृगवास की तरफ से चांचौड़ा की ओर भारी मात्रा में स्मैक लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही चांचौड़ा-मृगवास रोड स्थित चौड़ारेश्वर मंदिर तिराहे पर मोर्चाबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध युवक आता दिखा, जिसने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी रंजीत मीना (21) निवासी ग्राम रानीखेजड़ा का रहने वाला है।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 257.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 25 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल बाइक सहित कुल 26 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने यह स्मैक अपने ही गांव के मोहन साहू से खरीदी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोहन साहू को भी मामले में सह-आरोपी बनाया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अब पुलिस इस नशे के नेटवर्क की गहराई तक पहुँचने और इसके मुख्य सप्लायरों का पता लगाने में जुटी हुई है।
