इंदौर: सांवेर और चंद्रावतीगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं. सांवेर में ऑनलाइन ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर 82,259 रुपए ठग लिए गए, जबकि चंद्रावतीगंज में दो बैंक खातों से बिना जानकारी 1.26 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए.सांवेर के ग्राम बड़ोदिया खान निवासी जितेंद्र सोलंकी से अज्ञात व्यक्ति ने इंटरनेट और यूपीआई के जरिए संपर्क किया था. खुद को ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर कम समय में ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया. भरोसे में आए जितेंद्र ने अलग अलग किस्तों में 82,259 रुपए ट्रांसफर कर दिए. न मुनाफा मिला और न रकम वापस हुई तो उन्हें ठगी का पता चला.
इधर, ग्राम शिवपुराखेड़ा निवासी राजूनाथ के बैंक ऑफ बड़ौदा और एक्सिस बैंक खातों से 30 अगस्त की रात कई यूपीआई ट्रांजैक्शन हुए. बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 97,991 और एक्सिस बैंक खाते से 28,768 रुपए ट्रांसफर किए. राजूनाथ की जानकारी के बिना हुई इस निकासी का पता चलने पर उन्होंने खाते होल्ड करवाए और पुलिस को शिकायत की. दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन आईडी, बैंक खातों और यूपीआई की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
