गाजा/यरूशलम, 11 मार्च (वार्ता) फिलिस्तीन के गाजा में बुरेज शरणार्थी शिविर पर इजरायल की ओर से किए गए हवाई हमले में एक फिलिस्तीनी नागरिक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी शिन्हुआ को दी। सूत्रों के अनुसार एक इजरायली ड्रोन ने कल शरणार्थी शिविर के उत्तर-पूर्व में फिलिस्तीनियों के एक समूह पर मिसाइल दागी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।
इज़रायली रक्षा बलों (आईडीएफ) के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि इजरायली सेना ने गाजा शहर और मध्य गाजा में नुसेरात शरणार्थी शिविर में ‘आतंकवादियों’ को निशाना बनाया।
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि गाजा सिटी के शुजाइय्या में तीन लोगों को आईडीएफ जवानों के पास ‘विस्फोटक उपकरण लगाने का प्रयास करते’ देखा गया। उन्होंने कहा, “जवानों ने उन पर गोलियां चलाईं।”
इजरायल के ताजा हमले गाजा में लगातार तनाव के बीच हुए हैं। इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौते के दूसरे चरण पर बातचीत अभी रुकी हुई है।
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर 2023 में इजरायली हमले की शुरुआत के बाद से फिलिस्तीनी में मृतकों की संख्या बढ़कर 48,467 हो गई है, जबकि 1,11,913 लोग घायल हुए हैं।
