इंदौर:चंदन नगर के राज नगर में शराब पीने के लिए रुपए मांग रहे युवक ने महिला के इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की. बीच बचाव करने आई मां और भाई से भी हाथापाई की. इसके बाद आरोपी ने घर में ईंट पत्थर फेंककर टीवी, अलमारी, स्टील की टंकी सहित गृहस्थी का सामान तोड़ दिया.पूजा पति सतीश रावत रक्षाबंधन पर अपनी मां के घर आई थीं.
रात में पड़ोसी मकान में किराए से रहने वाला रवि पिता राजाराम खटीक वहां पहुंचा और खुद को इलाके का दादा बताते हुए शराब के लिए 1 हजार रुपए मांगे. पूजा ने रुपए देने से मना किया तो उसने गाली-गलौज कर थप्पड़ों से मारपीट की. मां सुमन और भाई गोलू ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी हाथापाई की. इसके बाद आरोपी ने घर में ईंट-पत्थर फेंके और सामान में तोड़फोड़ कर दी. जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी. पूजा की शिकायत पर चंदन नगर पुलिस ने रवि खटीक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
