
भोपाल। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर सोमवार को भोपाल स्थित परशुराम मंदिर परिसर में प्रोग्रेसिव ब्राह्मण फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संगठन का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने पोस्टर का विमोचन करते हुए संगठन के उद्देश्यों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि फेडरेशन शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता, युवा सशक्तिकरण और समरसता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
भगवान परशुराम के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए वक्ताओं ने समाज से सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। युवाओं से संगठन से जुड़कर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की गई।
उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज को नई दिशा देने वाला कदम बताया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन एवं समाज के उत्थान के संकल्प के साथ हुआ। प्रमुख रूप से नितिन पालीवाल, अनिल भार्गव और विवेक त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित रहे।
