शाजापुर में युवा कांग्रेस का हल्ला बोल: कलेक्टर घेराव से पहले पुलिस ने वाटर कैनन से रोका, कार्यकर्ता हिरासत में अमित शाह के इस्तीफे की मांग पर शाजापुर में सियासी संग्राम, डिपो पर कांग्रेस-पुलिस आमने-सामने

शाजापुर, शाजापुर में सोमवार को युवा कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होना था, लेकिन कांग्रेस नेताओं के देरी से पहुंचने के कारण सभा करीब 2 बजे शुरू हुई। बस स्टैंड पर आयोजित सभा में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा, तराना विधायक महेश परमार, मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर, कांग्रेस नेता नीटू सिकरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए जुलूस के रूप में रवाना हुए। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने डिपो के सामने बैरिकेडिंग की थी। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक डिपो के सामने कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और जोरदार नारेबाजी का दौर चलता रहा। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पर चढ़कर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तीन वाटर कैनन वाहन लगाए। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और छात्रों के साथ हिंसा हुई तथा पैलेट गन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बिहार में छात्रों के खिलाफ कथित तौर पर AK-47 के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। चिब ने शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी को भी बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होनी चाहिए और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी गड़बड़ियों पर सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि युवा कांग्रेस देशभर में युवाओं की आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को लेकर भी नारे लगाए और उन्हें युवाओं की आवाज बताते हुए ‘बैटमैन’ की उपमा दी। कार्यकर्ताओं ने काली टी-शर्ट पहनकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल के आसपास काली टी-शर्ट लेने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ने की तस्वीरें भी सामने आईं।

Next Post

कृषि नवाचार संवाद: दुग्ध उत्पादन में बनेगा मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य- सीएम डॉ यादव

Mon Aug 24 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवा शक्ति को उन्नत खेती से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों के निर्यात पर राज्य सरकार विशेष ध्यान दे रही है। बदलते दौर में खेती का भी समय बदला है। नई तकनीक और नई फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए […]

You May Like