
शहडोल। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार तड़के धनपुरी थाना क्षेत्र में काली मंदिर के पास एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर पूरा परिवार सो रहा था। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। परिवार के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, राजमिस्त्री संतोष वर्मन अपनी पत्नी और दो वर्षीय पोते के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सोए हुए थे। तड़के करीब पांच बजे अचानक मकान का हिस्सा गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के दौरान घर की छानी में लगी एक बल्ली कमरे के अंदर रखी अलमारी पर टिक गई। इससे मलबे का पूरा भार सीधे परिवार के ऊपर नहीं गिरा और तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल सके। हादसे की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद सुकृति सिंह और उनके पति समाजसेवी एसपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवार को जल्द सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई। पार्षद ने कहा कि परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
