अल्ट्राटेक सीमेंट के लॉजिस्टिक्स बेड़े में शामिल होंगे 600 से ज्यादा ईवी ट्रक

नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट अपने लॉजिस्टिक्स बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की संख्या बढ़ाकर 600 से अधिक करेगी। कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने इसके लिए दिसंबर 2026 तक का लक्ष्य रखा है। उसने टाटा मोटर्स, अशोक लेलैंड, आईपीएलटेक, एनर्जी इन मोशन और सैनी जैसी प्रमुख ईवी प्राइम मूवर बनाने वाली कंपनियों के साथ-साथ उनकी सहायक कंपनियों और अन्य थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाताओं के साथ सेवा अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं।

इन ईवी ट्रकों का इस्तेमाल हर साल गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में लगभग 50 लाख टन क्लिंकर और अन्य जरूरी सामानों की ढुलाई में किया जायेगा। पूरी तरह से चालू होने पर 600 से अधिक ईवी ट्रकों का यह बेड़ा हर साल 1,17,000 टन से अधिक कार्बन डाई-ऑक्साइड उत्सर्जन कम करने में मदद करेगा। इससे सालाना 3.9 करोड़ लीटर डीजल की खपत कम होगी।

अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रबंध निदेशक के.सी. झंवर ने कहा, “अल्ट्राटेक ज्यादा पर्यावरण-अनुकूल लॉजिस्टिक्स समाधान अपनाकर अपने संयंत्र से आगे बढ़कर हरित पहल को बढ़ावा दे रही है। यह बड़े पैमाने पर बदलाव हमारी मूल्य श्रृंखला के हर हिस्से को कार्बन मुक्त करने पर हमारे फोकस को दिखाता है और ‘नेट जीरो’ हासिल करने की हमारी प्रतिबद्धता का समर्थन करता है।”

अल्ट्राटेक सीमेंट देश में पर्यावरण अनुकूल लॉजिस्टिक्स शुरू करने वाली शुरुआती कंपनियों में से एक थी। उसने साल 2021 में सीएनजी ट्रक और साल 2024 में इलेक्ट्रिक ट्रक का इस्तेमाल शुरू किया। उसके पर्यावरण अनुकूल बेड़े में 850 से अधिक ट्रक हैं, जिनमें सीएनजी और इलेक्ट्रिक ट्रक शामिल हैं।अल्ट्राटेक सीमेंट बिक्री की मात्रा और क्षमता के हिसाब से चीन के बाहर दुनिया की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी है। उसका सालाना कारोबार 10 अरब डॉलर का है। उसकी कुल ग्रे सीमेंट क्षमता 20.55 करोड़ टन, व्हाइट सीमेंट/पुट्टी क्षमता 32 लाख टन सालाना है।

.....

Next Post

भारत, अफगानिस्तान के बीच व्यापार सुगमता, निवेश पर चर्चा ; दोनों पक्ष वाणिज्यिक संबंध मजबूत करने की पहल करेंगे

Wed Sep 2 , 2026
नयी दिल्ली, 2 सितम्बर (वार्ता) भारत और अफगानिस्तान व्यापार और आर्थिक सहयोग पर ताजा बातचीत में विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग को मजबूत करने और चिन्हित क्षेत्रों में आगे की कार्यवाही करने पर सहमत हुए हैं। इन चिह्नित क्षेतों में सीमा शुल्क और डेटा-साझाकरण सहयोग को बढ़ाना, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि […]

You May Like