
इंदौर. लसूड़िया इलाके में मोबाइल से वीडियो बनाने की बात को लेकर दो युवकों और हीरानगर थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि कहासुनी के बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उन्हें थाने ले गए. शिकायत मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.
घटना 31 अगस्त और 1 सितंबर की दरमियानी रात करीब 3 बजे लसूड़िया इलाके में एक कॉल सेंटर के पास की है. पुलिसकर्मी रितेश पाटीदार और पोप सिंह वहां चाय पीने पहुंचे थे. इसी दौरान आयुष बगोरिया और तनय वैष्णव मोबाइल से वीडियो बना रहे थे. पुलिसकर्मियों को शक हुआ कि दोनों उनका वीडियो बना रहे हैं. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. युवकों के परिजनों के आरोप के मुताबिक विवाद के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की. इसके बाद दोनों युवकों को लसूड़िया इलाके से हीरानगर थाने ले जाया गया. अगले दिन परिजन थाने पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की. शिकायत के बाद युवकों को छोड़ दिया. परिजनों के आवेदन पर पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है.
एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश ने दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की है. पुलिस विभाग में दोनों को लाइन अटैच किए जाने की कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है. अब जांच में घटना के दौरान मौजूद लोगों, पुलिसकर्मियों और युवकों के बयानों के साथ ही उपलब्ध वीडियो फुटेज की जानकारी जुटाई जा रही है. जांच के बाद पुलिसकर्मियों की भूमिका पर आगे निर्णय लिया जाएगा.
