गुना। शहर की सिसौदिया कॉलोनी में स्थित इंजीनियर एस.के. राजौरिया के सूने मकान को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। खास बात यह रही कि शातिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए आधुनिक हथियारों के साथ-साथ गुलेल और कांच के कंचों का अजीबोगरीब तरीका अपनाया और चौकीदार को डराकर लगभग आधे घंटे तक घर के अंदर तांडव मचाया।
जानकारी के अनुसार, इंजीनियर एस.के. राजौरिया मंगलवार दोपहर को ही अमेरिका जाने के लिए भोपाल रवाना हुए थे। घर सूना पाकर मंगलवार रात दो बदमाश पीछे के रास्ते से मकान के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने सबसे पहले वहां मौजूद चौकीदार को दबोच लिया और उसे बंधक बना लिया।
गुलेल और कंचों का खौफ दिखाकर दी धमकी
बदमाशों के पास लोहे के हथियारों के साथ एक गुलेल थी, जिसमें कांच के कंचे फंसे हुए थे। बदमाशों ने चौकीदार को धमकाया कि अगर उसने मुंह खोला या शोर मचाया, तो वह उसे कंचे मारकर घायल कर देंगे। इसके बाद बदमाश करीब आधे घंटे तक घर के अंदर रहे और बेडरूम व दो अलमारियों के ताले तोड़कर पुरानी घड़ी, पुरानी चांदी और कुछ नकदी चोरी कर ले गए। हालांकि, आसपास के लोगों की आहट और शोरगुल होने के कारण बदमाश ज्यादा कमरे नहीं खंगाल सके और भाग खड़े हुए।
रिश्तेदार के सूने मकान को भी बनाया निशाना
बदमाशों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका; उन्होंने इसी मकान के पीछे रहने वाले राजौरिया के एक अन्य रिश्तेदार के सूने मकान का ताला भी तोड़ दिया, जहां सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। वे रिश्तेदार भी इस समय अमेरिका प्रवास पर हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
चौकीदार को बंधक बनाने और बदमाशों की यह हरकतें घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ कैद हो गई हैं। फुटेज के अनुसार, करीब 4:15 बजे चोर भागते हुए नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इस अनोखे अंदाज में गुलेल और कंचों के डर से चोरी की इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
