भोपाल, 18 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर प्रभारी और सह प्रभारी घोषित कर दिए।
प्रदेश भाजपा की ओर से मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के मंत्री करण सिंह वर्मा को बुधनी का प्रभारी और पूर्व मंत्री रामपाल सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा विजयपुर में राज्य सरकार के मंत्री एदल सिंह कंसाना को प्रभारी और पूर्व विधायक नरेंद्र बिरथरे को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बुधनी और विजयपुर में निकट भविष्य में विधानसभा उपचुनाव प्रस्तावित हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधायक पद से त्यागपत्र के कारण बुधनी में और विधायक रामनिवास रावत के विजयपुर से त्यागपत्र के कारण इस स्थान पर भी शीघ्र ही उपचुनाव होने वाले हैं। हालाकि औपचारिक तौर पर चुनाव कार्यक्रम की अभी घोषणा नहीं हुयी है।
श्री चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री का दायित्व निभा रहे हैं, जबकि श्री रावत कांग्रेस की सदस्यता छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं और वे राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए हैं। माना जा रहा है कि अब वे विजयपुर से भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ेंगे।