शहरी क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष सुविधाएं उपलब्ध करने वाला पहला राज्य मध्यप्रदेश

भोपाल : बुधवार, 11 सितंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश देश के शहरी क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष सुविधाएं उपलब्ध करने वाला पहला राज्य बन गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां शहरी क्षेत्र के सभी 328 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष सुविधाएं उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों के 1440 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में से 695 में आयुष सुविधाएं उपलब्ध हैं और शेष में बढ़ाई जा रही हैं। जनजातीय क्षेत्रों में 228 प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष डॉक्टर उपलब्ध हैं। इस मापदण्ड पर मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। प्रथम स्थान पर 296 की संख्या के साथ उड़ीसा और 279 की संख्या के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर है।

मध्यप्रदेश वर्ष 2005 से ग्रामीण क्षेत्रों में उप-स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करने वाले देश के पहले छह राज्यों में शामिल हो गया है। इसके अलावा सबसे ज्यादा संख्या में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों वाले दस राज्यों में सातवें स्थान पर आ गया है। यह तथ्य हाल ही में केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी “हेल्थ डायनामिक्स ऑफ इंडिया – इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड हयूमन रिसोर्स” रिपोर्ट में सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या में भी मध्यप्रदेश पहले छह राज्यों में शामिल है। देश में कुल 5491 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हैं। मध्यप्रदेश में इनकी संख्या 332 हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सब डिविजनल स्तर पर संचालित अस्पतालों और जिला अस्पतालों की संख्या के हिसाब से मध्यप्रदेश देश के प्रथम तीन राज्यों में शामिल है। यहाँ सब डिविजनल अस्पतालों की संख्या 144 है। इस मामले में तमिलनाडु 281 की संख्या के साथ पहले और कर्नाटक 147 की संख्या के साथ दूसरे नंबर पर है। प्रदेश में जिला अस्पतालों की संख्या 52 है। यह देश में दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर 125 की संख्या के साथ उत्तरप्रदेश है और 40 की संख्या के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर है।

रिपोर्ट में सभी प्रदेशों में उप स्वास्थ्य, प्राथमिक स्वास्थ्य, सामुदायिक स्वास्थ्य, संभाग स्तरीय अस्पतालों और जिला अस्पतालों में आधारभूत स्वास्थ्य अधोसंरचना, तकनीकी रूप से दक्ष स्टाफ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सभी राज्यों में आधारभूत अधोसंरचनाओं में बढ़ोतरी का तथ्यात्मक विश्लेषण किया गया है।

मध्यप्रदेश के गाँवो में सबसे ज्यादा 68 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिंदवाड़ा में है। इसके बाद खरगोन में 58 और रीवा 46 हैं। शहरों में भोपाल में सबसे ज्यादा 54 केन्द्र है। दूसरे नंबर पर इंदौर 40 और तीसरे नंबर पर जबलपुर 36 है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़वानी में 14, मंडला में 12 और सतना में 11 हैं। कुल 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सबसे ज्यादा तीन भोपाल में है।

प्रदेश के 55,885 गांवों में 10,258 उप स्वास्थ्य केन्द्र सेवाएं दे रहे हैं। गांवों में 1440 और शहरी क्षेत्र में 328 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हैं। गांवों में 332 और शहरों में 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हैं। सब डिविजन स्तर पर 144 और जिला स्तर पर 52 अस्पताल संचालित हैं। रिपोर्ट के अनुसार 13 मेडिकल कालेज कार्यरत हैं। धार जिले में सबसे ज्यादा 479 उप स्वास्थ्य केन्द्र हैं। दूसरे नंबर पर बडवानी 329, तीसरे स्थान पर रीवा 326 और चौथे पर सतना 302 हैं।

रिपोर्ट में गांवों और शहरों में स्वास्थ्य अधोसंरचना में मध्यप्रदेश में वर्ष 2005 से 2023 तक हुई प्रगति का आकलन किया गया है। वर्ष 2005 में गांवों में उप स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या 8874 थी जो अब 10258 हो गई है। इनमें से 3996 उप स्वास्थ्य केन्द्र सरकारी भवनों में लग रहे थे, अब 8626 सरकारी भवन में है। किराये के भवनों में लग रहे उप स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या 4878 थी जो अब कम होकर 667 हो गई है। आज 965 केन्द्र किराया-मुक्त पंचायत भवनों में संचालित हैं।

इसी प्रकार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या 2005 में 1192 से बढकर 1440 हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या वर्ष 2005 में 229 से बढ़कर 332 हो गई है और इनमें से 328 सरकारी भवनों में संचालित हैं। जबकि शेष तीन के लिए भवन निर्माण का काम जारी है।

 

Next Post

लाल आँखों में गुस्सा,12 साल से नहीं बढ़े सोयाबीन के दाम

Wed Sep 11 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email 300 ट्रेक्टरों से शहर जाम,पंजाब-हरियाणा जैसी ताकत खंडवा में दिखी, 60 से ज्यादा गांवों के किसान आए   नवभारत न्यूज खंडवा। पंजाब-हरियाणा के किसानों जैसी ताकत खंडवा में भी दिखी। किसानों की आँखों में शोषण के खिलाफ […]

You May Like