
नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के लिए तस्कर किस तरह वाहनों में नशे की खेप छिपाकर ले जा रहे हैं, इसका एक और मामला जीरन थाना क्षेत्र में सामने आया है। पुलिस ने सोयाबीन की चूरी की आड़ में आयशर ट्रक से ले जाया जा रहा 12 क्विंटल 50 किलो डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई में राजस्थान के जोधपुर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक और डोडाचूरा जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चूरी के बीच छिपाकर रखी थी बड़ी खेप
पुलिस के अनुसार आयशर ट्रक में ऊपर से सोयाबीन की चूरी/भूसा भरा गया था। इसी की आड़ में डोडाचूरा छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस को चूरी के पीछे छिपाकर रखी गई 12.50 क्विंटल डोडाचूरा की खेप मिली।
जोधपुर के दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने सुखाराम जाट और कालूराम जाट, निवासी जोधपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी किस स्थान पर होनी थी।
सप्लायर और खरीदार तक पहुंचने की कोशिश
बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस की जांच अब इसके पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस यह पता लगा रही है कि खेप किसने उपलब्ध कराई, किसके कहने पर परिवहन किया जा रहा था और इसका खरीदार कौन था। तस्करी में किसी बड़े गिरोह की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि जीरन थाना पुलिस ने आयशर ट्रक से 12.5 क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया है। डोडाचूरा सोयाबीन की चूरी की आड़ में ले जाया जा रहा था। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो प्रारंभिक पूछताछ में जोधपुर निवासी सामने आए हैं। खेप के स्रोत और गंतव्य को लेकर विवेचना जारी है।
