
शिवपुरी। केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने शिवपुरी प्रवास के दौरान नवनिर्मित शिवपुरी अमृत भारत रेलवे स्टेशन का दौरा कर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
*अमृत भारत रेलवे स्टेशन से शिवपुरी को मिली आधुनिक रेल सुविधा*
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हाल ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकार्पित शिवपुरी का आधुनिक अमृत भारत रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को नई गति दे रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन शिवपुरी के नागरिकों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा।
*पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज से आवागमन होगा और सुगम*
सिंधिया ने निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह ब्रिज क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर करेगा। उन्होंने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन और रेलवे ओवर ब्रिज जैसी परियोजनाएं शिवपुरी के व्यापार, पर्यटन और आवागमन को मजबूती देने के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
