
नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो की दिल्ली आ रही एक उड़ान को इंजन में खराबी के कारण मंगलवार को बीच रास्ते से गोवा वापस लौटना पड़ा। उड़ान संख्या 6ई 2102 ने आज सुबह नौ बजे के आसपास गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इंडिगो के एक प्रवक्ता ने जारी बयान में बताया, “उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद एक तकनीकी समस्या का पता चला। मानक संचालन प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस मोड़ा और मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग करायी।”
सूत्रों के मुताबिक, मोपा हवाई अड्डे पर अग्निशमन दल, एंबुलेंस और अन्य आपात व्यवस्था के बीच विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को उतारकर विमान को जांच के लिए एक अलग जगह ले जाया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। सभी आवश्यक मंजूरियां प्राप्त होने के बाद विमान फिर से उड़ान भर सकेगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा इंडिगो की पहली प्राथमिकता है।इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। बयान में कहा गया है कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है।
